नई दिल्ली ,राज्यसभा में कार्यकाल पूरा कर रहे सांसदों की विदाई के अवसर पर भावुक और गंभीर माहौल के बीच कुछ हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे। विदाई समारोह के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा को शुभकामनाएं देते हुए ऐसा मजाकिया टिप्पणी कर दी कि पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।
खरगे ने अपने संबोधन में कहा, मैं देवेगौड़ा जी को पिछले 54 साल से जानता हूं, उनके साथ लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने मोहब्बत हमारे साथ की, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ कर ली।
अठावले पर भी हल्का तंज
खरगे यहीं नहीं रुके। उन्होंने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि वह अपनी कविताओं के जरिए हमेशा प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हैं और लगता है कि उन्हें इसके अलावा कोई और कविता नहीं आती। इस टिप्पणी के बाद भी सदन में हंसी का माहौल बन गया।
पीएम मोदी ने भी दी शुभकामनाएं
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संबोधन में कार्यकाल पूरा कर रहे सांसदों के योगदान की सराहना की और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सेवा का भाव कभी समाप्त नहीं होता और राजनीति में कोई पूर्ण विराम नहीं होता।
खरगे ने भी अपने भाषण में कहा कि जो लोग सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हैं, वे देश सेवा के जज्बे के कारण न थकते हैं और न ही वास्तव में रिटायर होते हैं। विदाई समारोह के इस अवसर पर जहां एक ओर अनुभवी सांसदों के योगदान को याद किया गया, वहीं दूसरी ओर नेताओं के हल्के-फुल्के अंदाज ने माहौल को यादगार बना दिया।