जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : द लोनी अरबन मल्टी स्टेट एंड थ्रिप्ट कोआपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) पीड़ितों ने कंपनी के फरार संचालकों को अभी तक गिरफ्तार न किए जाने पर आक्रोश जताया।
पीड़ितों ने तहसील में धरना दिया। कहा कि सभी पीड़ित विगत 209 दिनों से तहसील परिसर में धरना दे रहे है। लेकिन, शासन-प्रशासन उनके आंदोलन की अनदेखी कर रही है, जिससे पीड़ितों में शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। कहा कि भले ही प्रदेश सरकार मामले की सीबीआई जांच की बात कर रही है। लेकिन, अभी तक कंपनी के मुख्य फरार संचालकों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कहा कि कंपनी के फरार संचालकों ने ही कंपनी में धन दोगुना करवाने का लालच दिया था, जिससे बड़ी संख्या में निवेशकों ने कंपनी में धन जमा करवाया। लेकिन, जब कंपनी में करोड़ों रूपया जमा हो गया तो कंपनी के संचालक अपने कार्यालयों में ताला लगाकर फरार हो गए। पीड़ितों ने शासन-प्रशासन से फरार संचालकों को गिरफ्तार कर डूबी रकम वापस दिलवाने की मांग की है। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह रावत, सुनीता रावत, सरोज गौड़, रीता, हरेंद्र रावत मौजूद रहे।