जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार धरने के बाद भी अनदेखी से नाराज द लोनी अरबन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिप्ट को-आपरेटिब सोसाइटी (एलयूसीसी) के पीड़ितों ने सोमवार को शहर में आक्रोश रैली निकाली। कहा कि पीड़ितों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द ही कंपनी के संचालकों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पीड़ित आंदोलन को तेज करेंगे।
सोमवार को लोगों ने हिंदू पंचायती धर्मशाला से तहसील परिसर तक आक्रोश रैली निकाली। इसके उपरांत प्रशासन के माध्यम से सरकार को पत्र भेजा गया। वक्ताओं ने कहा कि पिछले कई दिनों से वह धरने पर डटे हुए हैं। लेकिन, अब तक उनकी कोई सुध नहीं ली गई। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से सीबीआई की जांच में तेजी लाने व पीड़ितों की डूबी रकम वापस दिलाने की मांग की है। कहा कि मुख्यमंत्री ने जुलाई माह में सीबीआई जांच की संस्तुति दी गई थी, उसके बाद नैनीताल उच्च न्यायालय ने सरकार को सीबीआई के जांच के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक सीबीआई की जांच कहां तक पहुंची, इसकी जानकारी पीड़ितों को नहीं दी जा रही है। कहा कि देश की मजबूत जांच एजेंसियां होने के बाद भी कंपनी के फरार संचालकों का पता तक नहीं चल पा रहा है, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। जिससे पीड़ितों में शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। पीड़ितों ने सीबीआई जांच में तेजी लाने व पीड़ितों की डूबी रकम वापस दिलाने की मांग की है। इस मौके पर पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह रावत, सुनीता सजवाण, विनीता, शोभा कुकरेती, राजेंद्र सिंह, उम्मेद सिंह, बिजेंद्र सिंह, ज्योति देवी, सुनीता रावत, सोनी नेगी मौजूद रहे।