जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: लक्ष्मणझूला पुलिस की ओर से क्षेत्र के घाटों में अभियान चलाकर लोगों को गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने गंगा किनारे हुड़दंग मचाने वालों को भी कार्रवाई की चेतावनी दी।
गुरुवार को मिशन मार्यादा के तहत पुलिस ने फ्लेक्सी लगाकर लोगों को जागरूक किया। लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि धार्मिक पर्यटकों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लक्ष्मणझूला के वानप्रस्थ घाट, नाव घाट, राम झूला घाट व रामझूला चौकी पर मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने एवं धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने हेतु यात्रियों को जागरुक किया। अभियान के दौरान पुलिस ने लक्ष्मणझूला-नीलकंठ में नशीले पदार्थों का सेवन न करने, खुले में शौच न करने की अपील की। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।