छात्रों को कानूनों के प्रति किया जागरूक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशन में देवभूमि पब्लिक स्कूल, नकोट (श्रीनगर) में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा पर जनजागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला थाना की पुलिस इंस्पेक्टर प्रियंका भारद्वाज द्वारा पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों के साथ होने वाले अपराधों, उनके कानूनी अधिकारों तथा ऐसे मामलों में मिलने वाली कानूनी सहायता एवं संरक्षण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। थाना श्रीनगर से इंस्पेक्टर विमल कुमार ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल सतर्कता के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1030 के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम में पूजा नेगी द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से बच्चों को मिलने वाली सहायता, इसकी कार्यप्रणाली तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवान सिंह ने सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, गलत के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रज्ञा नैथानी, निखिल डेविड, पूजा नेगी, बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट सहित चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *