उत्तराखंड सरकार के तीन वर्ष पूरे, विकास को मिली नई दिशा: महेश नयाल

Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर 22 से 25 मार्च तक राज्यभर में जन सेवा थीम पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 22 मार्च को अल्मोड़ा से इस कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सरकार ने बीते तीन वर्षों में प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कई साहसिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके अलावा, भू-कानून समेत कई अहम नीतियां प्रदेश में सुशासन और सुरक्षा को मजबूती देने वाली साबित हुई हैं। नयाल ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया, जिससे पिछले तीन वर्षों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त वृद्धि हुई है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बने। सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे जन सेवा शिविर जनता की सेवा और समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की नीति पर चलते हुए सरकार ने जनहितैषी योजनाओं को जमीन पर उतारा है। नयाल ने अल्मोड़ा में इस कार्यक्रम की शुरुआत को गर्व का विषय बताया और इसे सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *