जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : थाना लक्ष्मणझूला पुलिस एवं एस.टी.एफ. की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस मामले में वांछित मुख्य सप्लायर को मोदीनगर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
बता देें कि 17 दिसम्बर 2025 को थाना लक्ष्मणझूला पुलिस एवं एस.टी.एफ. की संयुक्त टीम द्वारा लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत जिंदल बगीचा, 6 नंबर कुटिया के पास से अभियुक्त शंकर गिरी एवं मनीष को गिरफ्तार किया गया था। जिनके कब्जे से 10.70 ग्राम एम.डी.एम.ए. (मिथाइलीन डाइऑक्सी मेथैम्फेटामाइन), जो एक प्रतिबंधित मादक पदार्थ है, बरामद किया गया। इस संबंध में थाना लक्ष्मणझूला पर अभियुक्तों के विरूद्ध आईपीसी की धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को जेल भेजा गया था। प्रकरण की विवेचना के दौरान नशा तस्करी की सप्लायर चेन को गहनता से खंगालते हुए साक्ष्यों का संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें अभियुक्त आशीष निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) की संलिप्तता प्रकाश में आई। साक्ष्यों के आधार पर उसे वांछित घोषित किया गया। पुलिस टीम के सतत एवं अथक प्रयासों के फलस्वरूप गत बुधवार को अभियुक्त आशीष पुत्र प्रमोद कुमार, निवासी गोविन्दपुरी, थाना मोदीनगर, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, आरक्षी चन्द्रशेखर, आरक्षी विरेंद्र प्रताप आदि शामिल थे।