मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, 21.78 करोड़ रुपए की कोकीन बरामद, दो गिरफ्तार

Spread the love

मुंबई ,। मुंबई एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई की। डीआरआई की मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने एक बड़े मादक पदार्थ विरोधी अभियान में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में कोकीन जब्त की। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। डीआरआई अधिकारियों ने फ्रीटाउन (सिएरा लियोन) से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पहुंचे एक पुरुष यात्री के पास से 2.178 किलोग्राम कोकीन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 21.78 करोड़ रुपए आंकी गई है। डीआरआई को इस मामले में एक विशेष खुफिया सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने यात्री को उसके आगमन पर रोक लिया और उसके सामान की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान उसके बैग से ‘खजूरÓ के कई पैकेट बरामद हुए। जब इन पैकेटों की तलाशी ली गई तो पाया गया कि खजूर के बीजों की जगह काले रंग के छोटे-छोटे दानों के भीतर सफेद पाउडर जैसा पदार्थ छिपाया गया था। जब इस पदार्थ की जांच एनडीपीएस फील्ड किट से की गई तो पुष्टि हुई कि यह कोकीन है।
डीआरआई की त्वरित कार्रवाई में न केवल कोकीन जब्त की गई बल्कि हवाई अड्डे पर ही उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया जो इस मादक पदार्थ की डिलीवरी लेने आया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत जब्त किया गया है। दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीआरआई अब इस मामले से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच कर रहा है।
राजस्व खुफिया निदेशालय ने कहा है कि वह नशा मुक्त भारत बनाने के अपने संकल्प पर दृढ़ है। एजेंसी लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने, अंतरराष्ट्रीय गिरोहों को ध्वस्त करने और देश के नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *