यूके्रन ,पीएम मोदी 21-22 अगस्त तक पोलैंड के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद वे ट्रेन से यूक्रेन के लिए रवाना होंगे। लेकिन उनके पहुंचने से पहले रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने मॉस्को पर सबसे बड़ा ड्रोन हमला कर दिया है। दोनों देशों में से कोई भी देश पीछे हटने को तैयार नहीं है। जिस कारण अब रूस फिर से यूक्रेन पर हमला कर सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक रूसी क्षेत्र में नष्ट किए गए 45 ड्रोन में 11 मॉस्को, ब्रायंस्क के सीमावर्ती इलाके में 23, बेलगोरोद क्षेत्र में छह, कलुगा में तीन और कुर्स्क क्षेत्र में दो ड्रोन नष्ट किए गए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि पोडोल्स्क शहर के ऊपर कुछ ड्रोन को नष्ट किया गया। यह मॉस्को पर हमला करने का अब तक का सबसे बड़ा प्रयास है। उन्होंने कहा कि मॉस्को की सुरक्षा प्रणाली के चलते ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक विफल किया जा सका। उन्होंने कहा कि हमलों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। वहीं रूसी मीडिया ने मॉस्को क्षेत्र में सुबह-सुबह ड्रोन उडऩे और रूसी रक्षा बल द्वारा उनको नष्ट करने के बाद आग के गोले बनने का फुटेज भी दिखाया। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ड्रोन हमलों के चलते मॉस्को के वानुकोवा, डोमोडेडोवा और झुकोवस्की हवाई अड्डे से चार घंटे तक उड़ानें प्रभावित रहीं। रूसी रक्षा बल के अधिकारियों का आरोप है कि उन्होंने रूस की राजधानी मॉस्को क्षेत्र में 11 ड्रोन को नष्ट किया। जबकि पूरे देश में रातभर में 45 ड्रोन को मार गिराया गया।