-जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया चुनावी तैयारियों का जायजा
-अधिकारियों को शौचालय व पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव की तिथि नजदीक है, ऐसे में जल्द से जल्द कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने मतगणना स्थल में शौचालय व पेयजल टैंकों की साफ-सफाई के भी निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगदंडे ने कहा कि आरओ के कक्ष में चार कुर्सी व दो टेबल लगाना सुनिश्चित करें। साथ ही आरओ कक्ष में मंच बनाने के लिए तखत का उपयोग करें। इसके अलावा उन्होंने निर्देशित किया कि मीडिया गैलरी में समुचित व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कंट्रोल रूम में 10 टेबल व 20 कुर्सी लगाएं तथा प्रत्याशियों के एजेंटों को भी बैठने की उचित व्यवस्था अलग से करें। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि मतगणना स्थल में साफ-सफाई के अलावा पेयजल, विद्युत, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी जल्द पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने समस्त कक्षों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी इला गिरी, उप जिलाधिकारी सदर आकाश जोशी, श्रीनगर अजयवीर सिंह, लोक निर्माण विभाग से वेद प्रकाश सहित अन्य उपस्थित रहे।