जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद में आए दिन जंगली जानवरों के माध्यम से किए जा रहे नुकसान को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। कहा कि प्रदेश सरकार को जंगली जानवरों को आबादी क्षेत्र में रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत है, जिससे जंगली जानवर किसानों के खड़ी फसलों को नुकसान न पहुंचा सके।
पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल की ओर से उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में जंगली जानवरों ने आतंक मचा रखा है। जंगली जानवर किसानों की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों के सम्मुख रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। किसानों के पास जंगली जानवरों के भगाने के लिए समुचित साधन भी उपलब्ध नहीं है। कहा कि हिंसक जंगली जानवर ग्रामीणों को अपना निवाला बना रहे है। आए दिन जंगली जानवरों के ग्रामीणों को निवाला बनाने की घटनाएं प्रकाश में आ रही है। जंगली जानवरों के आतंक से परेशान होकर कई गांव पलायन भी कर गए है। ज्ञापन देने वालों में सीपी डोबरियाल, बलवान सिंह रावत, संजय असवाल, एके डबराल, अनूप सिंह मौजूद रहे।