खत्म हुआ इंतजार : दो पहिया वाहनों के लिए खुला मालन पुल

Spread the love

13 जुलाई 2023 में नदी के तेज बहाव में ढह गया था पुल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लंबे इंतजार के बाद आखिर मालन नदी पर बने पुल की मरम्मत का कार्य पूर्ण हो गया है। गुरुवार से पुल को दोपहिया वाहनों के संचालन के लिए खोल दिया गया। वहीं, आमजन को अभी भी पुल के चार पहिया वाहनों के लिए खुलने का इंतजार है।
मालूम हो कि 13 जुलाई 2023 को कोटद्वार बाजार से भाबर को जोड़ने वाला मालन नदी पर बना पुल नदी के तेज बहाव में ढह गया था। घटना के दौरान पुल पर खड़े एक युवक की मौत भी हो गई थी। पुल ढहने के बाद मोटाढाक-बेलगिरी आश्रम के समीप वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया। इसी मार्ग से वाहनों का संचालन हो रहा था। लेकिन, तेज वर्षा होने पर वैकल्पिक मार्ग से आवागमन भी चुनौती बन गई थी। लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर शासन ने 24 फरवरी 2024 को पुल मरम्मत कार्य को वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए 26.75 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी। जिसके बाद दो मार्च 2024 को पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास कर दिया व पुल मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया गया था। यहीं नहीं पुल मरम्मत कार्य में हो रही देरी पर क्षेत्रवासी लगातार सवाल खड़े कर रहे थे। कांग्रेस सहित अन्य संगठनों ने प्रदर्शन भी किया। कुछ माह पूर्व निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद कार्य में तेजी लाई गई। कार्य पूर्ण होने के बाद गुरुवार सुबह से लोक निर्माण विभाग की दुगड्डा इकाई ने पुल से दुपहिया वाहनों की आवाजाही भी शुरू करवा दी है। उम्मीद है कि जल्द पुल चार पहिया वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा। पुल पर आवागमन से कोटद्वार व भाबर की जनता को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *