सड़क के लिए मलाणा के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

शिलान्यास के बाद भी घेरुवा-मलाणा मोटर मार्ग निर्माण नहीं होने पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शिलान्यास के बाद भी जयहरीखाल ब्लॉक के घेरुवा-मलाणा मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने पर ग्रमीणों ने रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने जल्द मोटर मार्ग निर्माण नहीं होने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है। कहा कि ग्रामीणों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को ग्रामीणों ने ग्राम मलाणा में प्रदर्शन किया। ग्रामीण राहुल जुयाल व दिगंबर प्रसाद ने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी उनका गांव सड़क सुविधा को तरस रहा है। मुख्य मार्ग घेरुवा से गांव पहुंचने के लिए उन्हें चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को समय पर उपचार तक नहीं मिल पाता। बीमार ग्रामीणों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए पिनस (डोली) ही सहारा बनी हुई है। सड़क के अभाव में गांव से लगातार पलायन हो रहा है। कहा कि फरवरी माह में लोक निर्माण मंत्री ने घेरुवा-मलाणा मार्ग निर्माण का शिलान्यास भी किया था। लेकिन, मार्ग निर्माण में वन भूमि आने की बात कहकर अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। कहा कि जब ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है तो ग्रामीण अपना वोट भी नहीं देंगे। इस मौके पर सोनी देवी, सुमित्रा देवी, बीना देवी, हरीश जुयाल, कुलदीप जुयाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *