ममता बनर्जी के सिर पर 11 लाख का इनाम रखने वाले भाजपा नेता को गिरफ्तार करने पहुंची कोलकाता पुलिस, बढ़ा विवाद

Spread the love

अलीगढ़, एजेंसी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सिर पर 11 लाख रुपये का इनाम रखने वाले युवा भाजपा नेता योगेश वार्ष्णेय को गिरफ्तार करने कोलकाता पुलिस अलीगढ़ पहुंची है। शहर के गांधीनगर इलाके में पुलिस ने भाजपा नेता योगेश का घर घेर लिया है।
न्यायालय का वारंट लेकर पुलिस पहुंची है। गांधीनगर में योगेश के घर के बाहर सांसद सतीश गौतम, विधायक संजीव राजा, पूर्व महापौर शकुंतला भारती महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत समेत तमात भाजपाई मौजूद हैं। वहीं इस मामले में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
शुरुआती सूचना पर पहुंचे युवा भाजपाइयों ने कोलकाता पुलिसकर्मी से जमकर धक्का मुक्की की। साथ में लाई गई फाइल और उनकी आईडी तक छीन ली। इलाका पुलिस ने किसी तरह विवाद को शांत कराया और दोनों को अपने साथ थाना गांधीपार्क ले आई। योगेश की मां ने कोलकाता पुलिस के दो नामजद कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी है। घर में घुसकर अभद्रता करने, मदद को आईं पार्षद अल्का गुप्ता से मारपीट, खींचतान, कपड़े खींचने का आरोप लगाया है। भाजपाई इस तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों की गिरफ्तारी की जिद पर अड़े हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल के वीरभूमि जिले में अगस्त 2017 में हनुमान भक्तों पर लाठीचार्ज से भड़के भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सिर कलम करने वाले को 11 लाख के इनाम का एलान किया था। 2017 में दिए गए योगेश के बयान पर उस समय सियासी तूफान आया था। कोलकाता में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। यह मुद्दा संसद में भी उठा था। उस समय भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आई थी, मगर बैरंग लौटी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *