महिला की मौत के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार

Spread the love

विकासनगर। जाड़ी गांव में महिला की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद राजस्व पुलिस ने हत्या के मामले में दर्ज मुकदमे को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में तरमीम कर दिया है। राजस्व पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर दिया है। आरोपी को राजस्व पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आठ जून को मुंगाड़ भंगार निवासी शूरवीर सिंह ने राजस्व पुलिस जाड़ी को तहरीर देकर बताया था कि उसकी बहन नीता की शादी दस वर्ष पूर्व जाड़ी निवासी कुंदन सिंह पुत्र तेग सिंह से हुई थी। बताया कि सात जून को उसके बहनोई ने फोन पर सूचना देकर बताया कि नीता ने आत्महत्या कर दी है। इस मामले मे राजस्व पुलिस ने शूरवीर की तहरीर पर आरोपी पति कुंदन सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन तब से आरोपी को राजस्व पुलिस ने गिरफ्तार नहीं कर पायी। इससे आक्रोशित ग्रामीण लगातार तहसील कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। तहसीलदार के आश्वासन के बाद राजस्व पुलिस ने बुधवार को आरोपी कुंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। राजस्व उपनिरीक्षक गुलशन हैदर ने बताया कि मामला हत्या का दर्ज हुआ था। लेकिन पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में हत्या करने की पुष्टि नहीं हुई। लेकिन जांच के दौरान मृतक नीता के पति द्वारा मृतका का उत्पीड़न करना व बार बार आत्महत्या के लिए उकसावा देना पाया गया है। जिस पर आरोपी कुंदन सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। राजस्व पुलिस की टीम में राजस्व उप निरीक्षक लाखामंडल मोतीलाल जिनाटा, प्रीतम सिंह व राजेन्द्र चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *