कोटद्वार में पुलिस में नौकरी के लिए लड़की पर लड़के से एक लाख ठगने का आरोप

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोटद्वार ठगी के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है। अब पुलिस में नौकरी के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। एक युवक ने लड़की पर पुलिस में नौकरी लगाने के लिए एक लाख रूपये ठगने का आरोप लगाया है। युवक ने युवती के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

रतनपुर सुखरौ निवासी प्रियेश बिष्ट ने कोतवाली में तहरीर दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि 12 नवम्बर 2018 में तड़ियाल चौक कोटद्वार निवासी एक युवती की उससे मुलाकात हुई। युवती ने उससे कहा कि उसका परिचित पुलिस विभाग में है जो उसे पुलिस में भर्ती करा देगा। इस समय उसे एक लाख की जरूरत है तो फिलहाल एक लाख रूपये दे दो और भर्ती के समय मैं तुमसे खुद संपर्क कर लूंगी। जिस पर उसने युवती को एक लाख का चेक दे दिया, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी युवती ने न तो उसे पुलिस में भर्ती कराया और न ही उसके पैसे वापस दे रही है। कोतवाली कोटद्वार के वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि रतनपुर सुखरौ निवासी प्रियेश बिष्ट की ओर से पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर एक युवती के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई गई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *