12 घंटे में हत्या का आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पैठाणी क्षेत्र के खंडखिल में विवाहिता की हत्या के मामले में आरोपित पति को पुलिस ने महज 12 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस उसे अब न्यायालय में पेश करेगी।
एसएसपी पौड़ी ने जानकारी देते हुए बताया पुलिस की टीम ने सोमवार को अभियोग में संलिप्त अभियुक्त पुष्कर सिंह को मैलसैण तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दरसल मामला शनिवार का है। जहां राजस्व उप निरीक्षक सुनील सिंह ने ग्राम खण्डखिल में पुष्कर सिंह रावत की धर्मपत्नी ने फाँसी लगाकर आत्महत्या की सूचना पैठाणी थाने को दी। सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष पैठाणी मय पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। जहां उन्होंने पाया कि मृतका के गले पर फंदे का निशान पड़ा है। साथ ही मृतका के शरीर के अन्य हिस्से में कोई चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने रात का समय होने के चलते शव के पंचायतनामे की कार्यवाही नही की। अगले दिन सुबह उच्चाधिकारियों के निर्देशन पर जनपद की फोरेन्सिक टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पंचायतनामा हेतु जिला चिकित्सालय पौड़ी भेजा गया। इसके बाद रविवार को मृतका के भाई रुद्रप्रयाग निवासी विनोद सिंह चौहान ने थाना पैठाणी में उसकी बहन की हत्या के मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी। जिसमें उसने अपनी बहन के पति पुष्कर सिंह पर चुन्नी से गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया। प्रथम सूचना रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी पी. रेणुका देवी ने मामले के सफल निस्तारण करने व अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी करने हेतु टीम गठित की। जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनीषा जोशी, सीओ सदर प्रेमलाल टम्टा, थानाध्यक्ष प्रताप सिंह व उप निरीक्षक ओमप्रकाश आदि शामिल किए। टीम ने पतारसी सुरागरसी कर सोमवार 20 सितंबर को इस अभियोग में संलिप्त आरोपित पुष्कर सिंह को मैलसैण तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपित को क़ानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *