आदमखोर गुलदार को शिकारी दल ने किया ढेर, नरेंद्रनगर की धामंद पट्टी में बना हुआ था इसका आतंक

Spread the love

ऋषिकेश। टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर ब्लाक की धामन्द पट्टी के पसर गांव में आतंक का पर्याय बने गुलदार को शिकारी दल ने मार गिराया है। गुलदार ने बीते रोज यहां एक ग्रामीण को निवाला बना दिया था। गुलदार के ढेर होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि टिहर जिले के नरेंद्र नगर ब्घ्लक के धामन्द पट्टी में पिछले कुछ समय से आदमखोर गुलदार सक्रिय था। यह गुलदार अब तक क्षेत्र में दो व्यक्तियों की जान ले चुका है। जबकि आसपास क्षेत्र में एक बालिका सहित दो को घायल कर चुका है। सोमवार को पसर गांव निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ भगत (60 वर्ष) पुत्र जीबा सिंह पर गुलदार ने सुबह उनके घर के आंगन में ही हमला कर दिया था।
गुलदार राजेंद्र सिंह को घसीट कर तीन किलोमीटर दूर जंगल में ले गया। जहां राजेंद्र सिंह का शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने पसर तथा तलाई मतदान केंद्र पर मतदान का भी बहिष्कार किया। जिसके बाद जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने भी गांव में पहुंचकर नागरिकों को शांत कराया था। वन विभाग की ओर से यहां पांच सदस्य शिकारियों की टीम भेजी गई थी।
मंगलवार को शिकारी दल ने पसर गांव से नीचे जंगल में आदमखोर गुलदार को मार गिराया। पूर्व ग्राम प्रधान जोत सिंह रावत ने बताया कि आदमखोर गुलदार को मार दिया गया है। अभी शिकारी दल मौके पर ही मौजूद है। उधर, धामंद पट्टी के ही नौडू काटल क्षेत्र में भी बीती रात गुलदार दिखाई दिया। जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वन विभाग को इस क्षेत्र में भी सक्रिय गुलदार पर निगरानी रखने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *