भोरंज में मणिपुर जैसी बर्बरता; महिला के बाल काटे, मुंह काला कर गांव में घुमाया, पांच लोगों के खिलाफ केस

Spread the love

हमीरपुर, एजेंसी। देश के सबसे शांत राज्य माने जाने वाले हिमाचल में मणिपुर जैसी घटना सामने आई है। यहां मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल में महिला के साथ अभद्रता करने का सनसनीखेज घटनाक्रम घटित हुआ है। भोरंज के एक गांव में ग्रामीणों ने पहले महिला के बाल काटे, फिर उसके मुंह पर कालिख पोतकर मारपीट की और फिर इसी हालत में गांव में घुमाया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि लोग तमाशबीन होकर वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने इसका विरोध नहीं किया। हालांकि घटना दो सप्ताह पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो शुक्रवार सुबह जैसे ही वायरल हुआ, तो पुलिस हरकत में आई और मौके पर जाकर छानबीन के बाद पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जिला हमीरपुर की पुलिस कप्तान डा. आकृति शर्मा भी घटना की सूचना मिलते ही भोरंज रवाना हो गईं थीं। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि महिला के साथ अभद्रता क्यों की गई, इस बारे में तो जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, लेकिन सूत्रों की मानें तो महिला के चरित्र को लेकर सवाल उठाए गए थे, जिसके चलते ससुराल पक्ष और गांव के लोगों ने इस घटना को मिलकर अंजाम दिया। बताया यह जा रहा है कि पीड़िता महिला अपने घर वालों को बिना बताए घर से चली गई थी।
काफी दिनों बाद जब वह वापस घर लौटी, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके बाल काटकर उसका मुंह काला किया और फिर पूरे गांव में घुमाया, जिसका वीडियो भी रिकार्ड किया गया है। इस मामले में पीड़ित महिला के शुक्रवार को भोरंज थाना में बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में करीब दो सप्ताह बाद केस दर्ज होने पर स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे है, हालांकि यह कहा जा रहा है कि घटना सामने के बाद दोनों पक्षों में समझौता होने पर यह केस दर्ज नहीं हो पाया। एसपी हमीरपुर डा. आकृति शर्मा के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से महिला से बदसलूकी का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। मामले में भोरंज थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। महिला के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महिला का कहना है कि 31 अगस्त को पांच बजे उसके घर में यह बदसलूकी की गई है। मामले में महिला की शिकायत पर ससुराल पक्ष के कुछ लोगों और गांव वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना के अनुसार यह मामला दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस मामले का गंभीरता से संज्ञान ले रही है। सरकार की तरफ से जो भी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी। हमीरपुर प्रशासन मौके पर है, रिपोर्ट मांगी गई है। पीड़िता को न्याय मिलेगा।
बताते चलें कि प्रदेश सरकार का विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने वाला है। मुख्यमंत्री के गृह जिला में घटित इस घटना की गूंज इस सत्र में सुनाई देने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं। विपक्ष में बैठी भाजपा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *