कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करने का मंत्र दिया

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ ने कार्यकर्ताओं से निकाय व लोकसभा चुनाव तैयारी में जुटने का आह्वान किया। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल शाह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करने का मंत्र दिया। कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं दिया है। उन्होंने सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताया। सरकार ने जनहित के किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं किया है।
जिला कांग्रेस कार्यालय में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन लाल शाह ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाए जाने के लिए कार्यकर्ताओं को कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने को कहा। कहा कि पौड़ी की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। महंगाई यहां चरम पर है और बेरोजगारी में उत्तराखंड ने देश के अन्य राज्य को पछाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव ने भारत की राजनीति को नई दिशा देने का कार्य किया है। कांग्रेस आने वाले चुनाव में भी जीत दर्ज करेगी। कहा कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ आगामी निकाय चुनाव व लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कार्य करना होगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष खंडूड़ी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य किए जाने को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कांग्रेस विनोद नेगी, जिलाध्यक्ष अनुजाति प्रकोष्ठ श्रीकांत, प्रदेश सचिव कुंदन आर्य, नीलम रावत, जिलाध्यक्ष मोहित सिंह, संजना गुजराल, कैलाश कुमार, भरत रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *