जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय गणित दिवस पर पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने गणितज्ञ श्रीनिवास अयंगर रामानुजन के बारे में बताया कि इस दौरान गणित विषय के अव्वल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही हमारे दैनिक जीवन में गणित का विशेष महत्व रहा है। गणित तार्किक सोच, समस्या समाधान और विश्लेषणात्मक कौशल विकसित करता है, जो हमें सटीक निर्णय लेने और दुनिया को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गणित की शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार करके गणित की बारीकियों को सीखा। अर्धवार्षिक परीक्षा में गणित विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छठवीं कक्षा के छात्र अंश, सातवीं कक्षा की छात्रा पुनीता पंत, आठवीं कक्षा की छात्रा स्वाति, नवीं कक्षा के छात्र शिव सिंह रमोला, दसवीं कक्षा की छात्रा रितिका, ग्यारहवीं कक्षा के छात्र रौनक व बारहवीं कक्षा के छात्र सुजल सिंह को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।