जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम के बाद अब ब्लॉक प्रमुख के लिए गणित लगने लगा है। हर ब्लॉक में दिग्गज निर्दलीय सहित अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संपर्क साध रहे हैं। ऐसे में कुर्सी किसके पास जाती है यह कुछ दिन बाद ही तय हो जाएगा।
जयहरीखाल ब्लॉक में 21 सदस्यीय क्षेत्र पंचायत में भाजपा के अधिक सदस्य जीतकर आए हैं, जिससे कांग्रेस के बजाय यहां भाजपा को बढ़त मिलती हुई दिख रही है। हालांकि दोनों ही पार्टियों ने सदन में बहुमत जुटाने के लिए अभी से निर्दलीय सदस्यों का समर्थन हासिल करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। भाजपा खेमे से लैंसडौन विधायक के पीआरओ रणवीर सजवाण (गवाणा) प्रमुख पद की दौड़ में आगे बताए जा रहे हैं। वहीं, विनोद जुयाल (टसीला) भी ब्लॉक प्रमुख की दौड़ में शामिल हैं और वह भी समर्थन जुटाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। वहीं, कांग्रेसी खेमे से पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह (बड़गांव), शशि बिष्ट (जयहरी) और विक्रांत (चमेठा) ब्लॉक प्रमुख पद की रेस में बताए जा रहे हैं। राजनीतिक समीकरणों के बदलते माहौल में निर्दलीय सदस्यों को किंगमेकर माना जा रहा है। अगले कुछ दिनों में स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। बहरहाल दोनों ही दलों के पदाधिकारियों व दावेदारों ने ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी के लिए संपर्क तेज कर दिए हैं।