मैक्स वाहन सड़क पर पलटा, चालक समेत तीन छात्राएं घायल

Spread the love

विकासनगर। खेल-कूद प्रतियोगिता के लिए मोरी जा रहा एक मैक्स वाहन त्यूणी-मोरी-पुरोला मार्ग पर पलट गया। जिससे मैक्स चालक सहित तीन छात्राएं चोटिल हो गई। चालक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि घायल छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे गई है। जानकारी के मुताबिक उत्तरकाशी जनपद के टिकोची स्कूल के छात्र-छात्राएं विद्यालयी स्तर की खेल-कूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए मैक्स वाहन से मोरी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मैक्स वाहन ओवरलोड था। छत पर भी छात्र बैठे थे। त्यूणी-मोरी-पुरोला मार्ग पर त्यूणी हनोल के बीच शटगधार में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि वाहन सड़क पर पलटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वाहन पलटने से चालक और तीन छात्राएं घायल हो गए। पीछे से आ रहे दूसरे मैक्स वाहन में सवार अध्यापकों ने तत्काल घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि चालक चैन सिंह पुत्र हरमदास को गंभीर चोटें आई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि घायल छात्राओं निधि, सिद्धि और निशा को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हनोल क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक विशाल खत्री ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पीएचसी त्यूणी लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *