झारखंड को भ्रष्टाचार और जंगल राज की आग में झोंकने वालों को सजा देने के लिए जनता हमें आशीर्वाद दे – पीएम मोदी

Spread the love

चाईबासा ,03 मई (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चाईबासा में चुनावी महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचार और जंगल राज की आग में झोंकने वालों को सजा जरूर मिलनी चाहिए। यह काम हम करेंगे और इसके लिए हमें झारखंड की जनता के आशीर्वाद की जरूरत है।

पीएम मोदी ने लोगों से सिंहभूम सीट पर भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा और खूंटी सीट पर अर्जुन मुंडा की जीत के लिए वोट मांगे।

पीएम मोदी ने इंडी गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि ये लोग दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों का आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। कांग्रेस धर्म के आधार पर इनका आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देना चाहती है, लेकिन, हम ऐसा नहीं होने देंगे। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार ने रातों-रात फतवा जारी कर मुसलमानों को ओबीसी बना दिया और इस तरह असली ओबीसी के आरक्षण पर डाका डाल दिया।उन्होंने चुनौती के लहजे में कहा कि जब तक मोदी जिंदा है, किसी को आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों का आरक्षण नहीं छीनने देंगे। बाबा साहेब अंबेडकर का बनाया संविधान नहीं बदलने देंगे, यह मोदी की गारंटी है।उन्होंने झारखंड में जेएमएम के नेतृत्व वाली सरकार पर राज्य के संथाल परगना में बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिर्फ वोट बैंक की भूख में इस सरकार ने घुसपैठियों को छूट दे रखी है। उनकी वजह से यहां की बहू-बेटियों की इज्जत पर खतरा पैदा हो रहा है। झामुमो इस राज्य में उसी कांग्रेस की गोद में जाकर बैठ गया, जिसने अलग झारखंड राज्य का विरोध किया। मौजूदा सरकार में आदिवासियों की सरेआम हत्या हो रही है। व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकी भरे क़ॉल आते हैं और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।उन्होंने हेमंत सोरेन का नाम लिए बगैर लोगों से पूछा कि झारखंड को भ्रष्टाचार और जंगल राज में झोंकने वालों को सजा मिलनी चाहिए कि नहीं? आपका हक लूटने वालों को सजा देने के लिए हमें आपके आशीर्वाद की जरूरत है। इंडी गठबंधन ने झारखंड की पहली महिला राज्यपाल और आदिवासी समाज से आनेवाली द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने का विरोध किया। इन्हें आदिवासियों का सम्मान पसंद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *