सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाएं : मेयर

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : शहर में रसोई और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए उत्पन्न हो रही समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में मेयर आरती भंडारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मेयर ने सभी गैस एजेंसियों के वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मेयर ने सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने को कहा गया।
मेयर ने एजेंसी संचालकों को आपसी समन्वय बनाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुचारु गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डोर-टू-डोर गैस सिलेंडर डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में एजेंसी संचालकों ने बताया कि सिलेंडर उन्हीं उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाएंगे जिन्होंने पूर्व में बुकिंग की हुई है। पारदर्शिता बनाए रखने और समन्वय बेहतर करने के लिए सभी गैस एजेंसियों को नगर निगम के पार्षदों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे वार्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक ईंधन के रूप में डीजल भट्टी की व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया। साथ ही व्यापारियों को पूर्ति निरीक्षक श्रीनगर से संपर्क कर डीजल की होम डिलीवरी सुविधा का लाभ लेने की सलाह दी गई। बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, पूर्ति निरीक्षक विजय कैंतुरा सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक एवं नगर निगम के पार्षद उपस्थित रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *