देहरादून(। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने सोमवार को सहस्त्रधारा रोड में एशियन डेवलमेंट बैंक-एडीबी वित्त पोषित भूमिगत बिजली लाइन के कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को केबलिंग कार्य की गुणवत्ता का ख्याल रखने और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। एमडी ने सहस्त्रधारा रोड स्थित कृषाली चौक पर चल रहे कार्य को देखने के बाद भूमिगत केबल नेटवर्क, ट्रेंचिंग एवं डक्टिंग संरचना, आरएमयू स्थापना, गुणवत्ता, सुरक्षा प्रक्रिया, सड़क कटान की स्थिति को देखा। उन्होंने अधिकारियों को कार्य निर्धारित बीआईएस तकनीकी मानक और सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की दीर्घकालिक विद्युत विश्वनीयता और भविष्य की स्मार्ट ग्रिड क्षमताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस परियोजना के शुरु होने पर फॉल्ट, ट्रिपिंग, लाइन ब्रेकडाउन की घटनाएं कम होगी। बिजली नेटवर्क अधिक व्यवस्थित और अधिक सुरक्षित बनेगा। एमडी ने कहा कि यह परियोजना बिजली सप्लाई सिस्टम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा, विश्वसनीयता प्रदान करेगी। इसलिए कार्य में कोई भी लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान निदेशक परिचालन, मुख्य अभियंता गढ़वाल जोन, सम्बंधित डिवीजन अधिकारी भी मौजूद रहे। यहां चल रहे भूमिगत केबलिंग के कार्य परियोजना के तहत दून के सभी प्रमुख मार्गों-राजपुर रोड, सहस्त्रधारा रोड, आईटी पार्क, रमाडा होटल बल्लुपुर चौक, ट्रांसपोर्टनगर, लक्खीबाग-ग्राफिक एरा, कमला पैलेस-निरंजनपुर चौक, सहस्त्रधारा रोड, शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड चौक, विधानसभा क्षेत्र, कैलाश अस्पताल, कोरोनेशन अस्पताल, बसंत विहार-रिस्पना आदि क्षेत्र में बिजली लाइन नेटवर्क को भूमिगत किया जा रहा है।