जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सीएमओ ने जिले के दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटका मिला तो कहीं सीएचओ और एएनएम अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने बड़ेथ स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ और एएनएम का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने कोटद्वार के सिटी हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल बंद मिला। इस पर उन्होंने संबंधित चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण मांगा और उन्हें मुख्यालय तलब किया।
सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्र चैलूसैंण, कांडाखाल व पौखाल का निरीक्षण किया। उन्होंने पौखाल में चिकित्सक नहीं होने पर कांडाखाल अस्पताल के चिकित्सक को तीन-तीन दिन के रोस्टर के आधार पर दोनों अस्पतालों की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं द्वारीखाल के बड़ैथ के निरीक्षण के दौरान सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) और एएनएम अनुपस्थित मिले। सीएमओ डॉ. शुक्ला ने बताया कि इस मामले में दोनों कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा, जबकि कांडाखाल अस्पताल में चिकित्साधिकारी व सीएचओ की कार्यप्रणाली असंतोषजनक मिलीं। लालपानी अस्पताल का निरीक्षण कर सीएमओ ने सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया। साथ ही अस्पताल की चहारदीवारी निर्माण व तारबाड़ करने के निर्देश दिए।