चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन में मीना ने जीते 75 हजार

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : चंडीगढ़ प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रथम चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन में श्रीनगर की मीना कंडारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अब उनका लक्ष्य आर्मी की ओर से 17 से 19 अप्रैल को हेलंग पीपलकोटी से ऊखीमठ तक होने वाली सूर्य देवभूमि ट्रेल रन में प्रथम स्थान हासिल करना है।
मीना कंडारी (47) मूल रूप से पौड़ी जिले की बछणस्यूं पट्टी के गहड़खाल गांव की निवासी हैं। यहां वह अपने परिवार के साथ आम्रकुंज में रहती हैं। मीना ने बताया कि गत एक मार्च को चंडीगढ़ में हुई मैराथन में देश-विदेश के लगभग 50 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने रेस की विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया था। 42 किमी. दौड़ की महिला आयु वर्ग प्रतियोगिता में वह द्वितीय रहीं और 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जीती। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) पौड़ी जिले के सचिव केसर सिंह कोटियाल ने कहा कि शादी के 25 साल बाद भी मीना ने मैराथन में शानदार प्रदर्शन किया। इससे पूर्व वह उत्तराखंड सरकार व पर्यटन विभाग की ओर से पिथौरागढ़ में आयोजित 42 किमी. आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम, 21 किमी. रुड़की मैराथन में द्वितीय व फरवरी माह में ही हुई अमृतसर मैराथन में पांचवां स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *