0-हत्या कराने के बाद यूपी भाग आई थी पत्नी!
0-पेशेवर हत्यारों को सुपारी देकर मर्डर करवाई
0-2 जून को गहरी खाई में मिला था राजा का शव
शिलांग, मेघालय हनीमून मनाने गए इंदौर के नवविवाहित जोड़े के गायब होने के मामले में बड़ा ट्वीस्ट सामने आया है। पत्नी सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली है। मेघालय पुलिस का कहना है कि सोनम ने ही अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कराई है। इस संबंध में 4 अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया है।
मेघालय के डीजीपी आई नोंगरांग ने दावा किया कि सोनम ने पेशेवर हत्यारों को सुपारी देकर मर्डर करवाया।
इससे पहले मेघालय पुलिस ने कहा था, सोनम ने गाजीपुर के नंदगंज पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। मामले में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है- मध्य प्रदेश के इंदौर से 2 और एक उत्तर प्रदेश के ललितपुर से।
पुलिस ने कहा कि इसमें कई राज्यों की पुलिस और एजेंसियों की भी मदद रही।
पुलिस ने अब तक 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनके नाम राज कुशवाहा, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी बताए जा रहे हैं।
आनंद को छोड़कर तीनों संदिग्ध इंदौर के ही रहने वाले हैं। आनंद को बीना के बसारी गांव से पकड़ा गया है।
बताया जा रहा है कि राज कुशवाह सोनम का बॉयफ्रेंड था और उसने ही सोनम के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी।
इस मामले में पुलिस को 7 जून को बड़ी सफलता मिली थी, तब एक गाइड ने बताया था कि उसने सोनम और राजा को 3 अज्ञात लोगों के साथ देखा था। ये आखिरी मौका था, सोनम और राजा को साथ देखा गया था।
गाइड ने कहा था कि राजा 3 लोगों के साथ चल रहा था, जबकि सोनम इनके पीछे थी।
वहीं, घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ था, जो मेघालय में इस्तेमाल होने वाले चाकुओं से अलग था।
जांच में सामने आया है कि सोनम के पिता का इंदौर में एक प्लाईवुड कारखाना है। यहां राज मैनेजर का काम करता था।
सोनम फैक्ट्री में आती रहती थी। इसी दौरान वो राज के संपर्क में आई और दोनों का अफेयर शुरू हो गया।
घटना से 2 दिन पहले तक राज फैक्ट्री में आ रहा था। उसने राजा को रास्ते से हटाने के लिए कुछ लोगों को सुपारी दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनम और राज ने मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी।
सोनम और राज ने हमलावरों को पहले असम के गुवाहाटी भेजा था। वहां से ये शिलॉन्ग गए। उन्होंने किराए पर बाइक ली और सोनम और राजा के पीछे-पीछे डबल डेकर एरिया तक पहुंच गए। वहां पर सोनम राजा को सुनसान इलाके में ले गई और बाकी लोगों ने हत्या कर दी।
दावा है कि सोनम राज को लगातार अपनी लोकेशन भेज रही थी।
सोनम के पिता ने कहा कि उनकी बेटी बेगुनाह है।
उन्होंने कहा, मेरी बेटी बेगुनाह है। मेघालय पुलिस ने उसे फंसाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी है। ये भी नहीं पता कि सोनम किस हालत में ढाबे तक पहुंची। ढाबे वाले से फोन लेकर उसने अपने भाई को फोन किया, तब हमें जानकारी मिली।
वहीं, राजा के परिजनों ने कहा कि अगर सोनम हत्याकांड में शामिल है तो उसे मौत की सजा होना चाहिए।
सोनम और राजा की 11 मई को शादी हुई थी। वे 20 मई को हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए थे।
पहले उन्होंने गुवाहाटी में मां कामाख्या के दर्शन किए। यहां से 23 मई को शिलॉन्ग रवाना हुए। 24 मई से दोनों के फोन बंद आ रहे थे। पुलिस को दंपत्ति द्वारा किराए पर ली गई स्कूटी चाबी लगी हुई मिली।
2 जून को गहरी खाई में राजा का शव मिला।