बुर्का खींचने पर महबूबा मुफ्ती की बेटी ने नीतीश के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, गिरिराज को दी फिनाइल से मुंह धोने की सलाह

Spread the love

श्रीनगर , बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुस्लिम महिला का नकाब हटाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, बल्कि अब इसने एक गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी और पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए श्रीनगर के कोठी बाग पुलिस थाने में नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इल्तिजा ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने जबरन महिला का नकाब हटाकर उसके सम्मान के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्सÓ पर अपनी शिकायत की कॉपी साझा करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस को टैग किया है और इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है।
इल्तिजा मुफ्ती ने अपनी शिकायत में घटना को घृणास्पद करार दिया है। उन्होंने पुलिस को लिखे पत्र में कहा कि वह एक ऐसी घटना की ओर ध्यान खींचना चाहती हैं जिससे मुस्लिम समुदाय, और विशेषकर महिलाओं को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। उन्होंने विवरण देते हुए लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री ने तमाम लोगों की मौजूदगी में एक युवा मुस्लिम डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचने की कोशिश की। इल्तिजा ने इस बात पर भी कड़ी आपत्ति जताई कि यह हरकत तब और भी शर्मनाक हो गई जब वहां मौजूद बिहार के उपमुख्यमंत्री और अन्य लोग इस घटना पर हंसते हुए नजर आए। पीडीपी नेता ने साफ कहा कि हिजाब या नकाब पहनना किसी की निजी पसंद और धार्मिक स्वतंत्रता का मामला है, जिसमें हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरे प्रकरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा नीतीश कुमार का बचाव किए जाने पर इल्तिजा मुफ्ती भड़क उठीं और उन्होंने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी। गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने ‘एक्सÓ पर लिखा कि इस आदमी के गंदे मुंह को साफ करने के लिए सिर्फ ‘फिनाइलÓ ही काम आएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी मुस्लिम माताओं और बहनों के हिजाब और नकाब को छूने की हिम्मत मत करना, वरना मुस्लिम महिलाएं ऐसा सबक सिखाएंगी जिसे वे और उनके जैसे लोग हमेशा याद रखेंगे। फिलहाल, इल्तिजा द्वारा दर्ज कराई गई इस हाई-प्रोफाइल शिकायत के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *