खंड शिक्षाधिकारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर सीएम को भेजा ज्ञापन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पिथौरागढ़ के खंड शिक्षाधिकारी विण पर महिला कर्मचारियों के साथ उत्पीड़न करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले पर उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन गढ़वाल मंडल के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए सरकार से जल्द ही आरोपी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन गढ़वाल मंडल के अध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द ही संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पिथौरागढ़ जिले के खंड शिक्षाधिकारी विण पर महिला कर्मचारियों के साथ उत्पीड़न करने के मामला सामने आया है। जिससे प्रदेश के सभी कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने जल्द ही सरकार से आरोपी खंड शिक्षाधिकारी गणेश सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कहा कि चुनाव आचार संहिता के चलते संबंधित अधिकारी के खिलाफ आंदोलन नहीं किया जा रहा है। कहा कि आरोपी खंड शिक्षाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आचार संहिता खत्म होते ही आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *