आशाओं ने उठाई मानदेय बढ़ाने की मांग, पीएम व सीएम को भेजा ज्ञापन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन ने प्रदेश सरकार से मानेदय बढ़ाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्रियों को बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। इस मौके पर उन्होंने बढ़ती महंगाई के खिलाफ भी विरोध जताया। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया।
जिला मुख्यालय पौड़ी में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय मजदूर संघ से संबंद्ध आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री संगठन ने गुरुवार को प्रदेश सरकार से मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को एक किनारे से खारिज कर रही है। सरकार लगातार उनकी मांगों की उपेक्षा भी कर रही है। जिसे संगठन में अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेताया है कि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। यही नहीं आशा कार्यकत्रियों ने बढ़ती महंगाई पर भी अपना विरोध जताया है। उन्होंने बढ़ती महंगाई पर नकेल कसने को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित ज्ञापन में उन्होंने कहा कि जिस तरह से महंगाई दिनों दिन बढ़ती जा रही है उससे आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। सरकार आशा कार्यकत्रियों को जितना मानदेय दे रही है उससे तो दो वक्त का खाना खाना भी इस महंगाई की वजह से मुश्किल हो गया है। लिहाजा आशा कार्यकत्रियों को एक सम्मानित मानदेय दिया जाए। उन्होंने कहा कि वह इसके हकदार भी हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सावित्री रावत, ब्लाक अध्यक्ष देवेश्वरी देवी, बबीता नौटियाल, जमुना, दीपिका देवी, कल्पेश्वरी देवी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *