श्रीनगर गढ़वाल : विकास खंड कीर्तिनगर के घिल्डियाल गांव में रेलवे परियोजना की ओर से बिना अनुमति कृषि भूमि पर मलबा डंप करने का मामला सामने आया है। इससे नाराज घिल्डियाल गांव निवासी संदीप रावत ने एसडीएम को ज्ञापन भेजा। कहा कि रेलवे की कार्यदायी संस्था आरवीएनएल (रेल विकास निगम लिमिटेड) ने उनकी कृषि भूमि पर बिना सहमति के पत्थर और मलबा डालकर खेतों को नुकसान पहुंचाया है। स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ बल्कि राजस्व उपनिरीक्षक ने उनकी भूमि पर उनके दावे को ही खारिज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व उपनिरीक्षक और आरवीएनएल की मिलीभगत से उनकी जमीन को नुकसान पहुंचाया गया है। खेतों के मलबे में दबने के बाद उनके पिता सदमे में हैं। उन्होंने मामले में मानवाधिकार न्यायालय में भी शिकायत दर्ज कराई है। कीर्तिनगर एसडीएम मंजू राजपूत ने कहा कि जहां पर डंपिंग जोन बनाया गया है वह संयुक्त खाते की जमीन है। सभी लोगों ने आरवीएनएल को अनापत्ति प्रमाणपत्र दिए हैं। केवल एक व्यक्ति की ओर से आपत्ति जताई जा रही है। पूरा मामला भूमिधरों और आरवीएनएल के बीच का है। (एजेंसी)