जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैप्टन स्व. गौमान सिंह भंडारी की 113वीं जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गौमान सिंह भंडारी की याद में स्मारक का लोकार्पण किया गया। साथ ही लोगों ने समाज के लिए दिए गए गौमान सिंह भंडारी के योगदान को भी याद किया।
आयोजित कार्यक्रम में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने स्मारक का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि कैप्टन गौमान सिंह भंडारी का जीवन अनुशासन और वीरता की मिशाल है। वर्ष-1955 में उन्होंने कोटद्वार पदमपुर में अपना निवास स्थान बनाया था। कहा कि स्व. गौमान सिंह भंडारी ने सदैव सामाजिक हितों को लेकर कार्य किया। उन्होंने अपनी पेंशन का उपयोग गरीब परिवार के बच्चें को शिक्षित बनाने के लिए किया। उनका पूरा जीवन राष्ट्र व समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। वह 1970 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के उपाध्यक्ष भी रहे। साथ ही वह ग्राम पंचायत प्रतिनिधि भी रहे। 15 अगस्त 1972 को 25वीं स्वतंत्रता दिवस की रजत जयंती पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी व तत्कालीन मुख्यमंत्री ने उन्हें ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया था। कहा कि आज युवाओं को महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा में अपना योगदान देना चाहिए। इस मौके पर लीला भंडारी नेगी, संजय द्विवेदी, हर्षमोहन सिंह नेगी, सुधीर भंडारी, राजेश भंडारी, संजय भंडारी, ऊषा भंडारी, पूर्ण सिंह भंडारी, किशोर सिंह, जीत सिंह रावत, मदन सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।