जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय दिन-रात विशेष शिविर के पंचम दिवस के अवसर पर स्वयंसेवियों द्वारा स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नमामि गंगे से जुड़े स्वयंसेवियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस नोडल अधिकारी श्रीकांत नौटियाल तथा सहायक नोडल अधिकारी डॉ. आशीष नौटियाल के निर्देशन में किया गया।
अभियान के तहत स्वयंसेवियों ने कलेक्ट्रेट मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए आसपास के लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। इस दौरान एनएसएस नोडल अधिकारी श्रीकांत नौटियाल ने सभी स्वयंसेवकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई और समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में आयोजित बौद्धिक सत्र में राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग के जंतु विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. विशाल दत्ता ने स्वयं सेवियों को जल संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता तथा स्वरोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष नौटियाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. गोपी प्रसाद, सुश्री अंविता सिंह, स्वयंसेवी तुषार सिंह, अवधेश सिंह, शशांक, रिया, अनीशा सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।