नई टिहरी : चंबा ब्लॉक के नागणी में मत्स्य विभाग मिनी फिश प्रोसेसिंग यूनिट का निर्माण कर रहा है। आगामी दो से तीन महिनों के भीतर यूनिट बनकर तैयार होने की उम्मीद है। यूनिट के तैयार होने से जिले के मत्स्य पालकों को मछली स्टोरेज के अन्य लाभ मिलेगा। नागणी में मत्स्य विभाग टिहरी नाबार्ड पोषित योजना से 1.29 करोड़ की लागत से हेंवल नदी के किनारे मिनी फिश प्रोसेसिंग यूनिट तैयार कर रहा है। यूनिट के तैयार होने के बाद जिले में मत्स्य पालकों कर रहे लोगों को मछलियों का अधिक उत्पादन होने, बरसात के साथ ऑफ सीजन में मछलियों को रखने की बेहतर सुविधा मिलेगी। बरसात और ऑफ सीजन में मत्स्य पालक मछलियों के सामने मछलियों को स्टोरेज करने की बड़ी समस्या सामने आ जाती थी, मजबूरन उन्हें कम दामों पर मछली बेचनी पड़ती थी। जिले में अभी तक कई भी फिश प्रोसेसिंग यूनिट नहीं है। प्रोसेसिंग यूनिट में मछलियों को स्टोर की सुविधा के बाद मत्स्य पालकों को मछलियों के उचित दाम भी मिलेगा। मत्स्य पालन विभाग के कर्मियों ने बताया कि प्रोसेसिंग यूनिट में कोल्ड स्टोरेज, फिश स्टोर, चेंबर आदि की सुविधा होगी। यूनिट में आइस प्लांट और कलेक्शन सेंटर भी बनाया जाएगा। इसके बाद मत्स्य पालकों को आइस क्यूब के लिए देहरादून और ऋषिकेश नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें सभी सुविधाएं फिश प्रोसेसिंग यूनिट में देने का प्रयास किया जाएगा। उपेंद्र प्रताप सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य नई टिहरी ने बताया कि मिनी फिश प्रोसेसिंग यूनिट का भवन और एप्रोच रोड बनकर तैयार हो गई है। अगले कुछ दिनों में यूनिट में मशीनों की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले दो से तीन महिनों के भीतर प्रोसेसिंग यूनिट पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी। (एजेंसी)