माल्टा व पहाड़ी नीबू का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय

Spread the love

-सी ग्रेड माल्टे के आठ रुपये व पहाड़ी नीबू के पांच रुपये प्रति किलोग्राम दाम

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : राज्य सरकार ने वर्ष 2021-22 के लिए माल्टा एवं पहाड़ी नीबू (गलगल) फलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित कर दिया है। ‘सी’ ग्रेड माल्टा एवं पहाड़ी नीबू (गलगल) के लिए क्रमश: आठ रुपये एवं पांच रुपये प्रति किलोग्राम दाम तय किए गए हैं। यह जानकारी मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह ने दी है। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा माल्टा एवं पहाड़ी नीबू फलों के उपार्जन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इस संबंध में अधीनस्थ सभी उद्यान सचल दल केन्द्र के प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि योजना के क्रियान्वयन के लिए फलों के उपार्जन की अनुमानित मात्रा का आकलन कर जानकारी दें।
मुख्य उद्यान अधिकारी ने बताया कि यह योजना उद्यान कार्ड धारकों के लिए होगी। ठेकेदार व बिचौलिए इस योजना में आच्छादित नहीं होंगे। माल्टा एवं पहाड़ी नीबू का क्रय 15 दिसंबर से 31 जनवरी 2022 तक किया जाएगा। संबंधित उत्पादकों को घोषित समर्थन मूल्य से अधिक मूल्य किसी अन्य माध्यम से प्राप्त होने की स्थिति में वे अपनी फसल का विक्रय करने के लिए स्वतंत्र होंगे। उन्होंने बताया कि जिले में चार संग्रह/क्रय केन्द्र बनाये गये हैं, जहां पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। बताया कि उपार्जन के लिए जोशीमठ, दशोली, घाट ब्लाक के लाभार्थियों के लिये राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण केन्द गोपेश्वर को संग्रह/क्रय केन्द्र बनाया गया है। जबकि पोखरी, कर्णप्रयाग, नारायणबगड आदिबद्री विकास खंड के लिये राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण केन्द्र कर्णप्रयाग को, गैरसैंण ब्लाक के लिये राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण केन्द्र गैरसैंण और ब्लाक थराली, देवाल के लिये राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण केन्द्र ग्वालदम को संग्रह/क्रय केन्द्र बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *