हल्द्वानी(। चोरगलिया कोतवाली क्षेत्र के गजेपुर गांव में सोमवार देर रात एक खनन कारोबारी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार कारोबारी कमलेश बेलवाल का देर रात किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। बहस बढ़ने के बाद उन्होंने घर के भीतर ही अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में तत्काल हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।