मंत्री ने किया विकास कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण

Spread the love

कूड़े के निस्तारण को मिला स्थायी समाधान, नया डंपिंग जोन चयनित
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नगर निगम श्रीनगर बोर्ड के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को नगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व मेयर आरती भंडारी ने नगर निगम क्षेत्र में संपादित व प्रस्तावित रजत जयंती पार्क, वेस्ट टू वंडर पार्क, महादेव पार्किंग, रजत जयंती पार्किंग, वाल्मिकी चौक का भूमि पूजन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का शिलान्यास, मां धारी देवी ग्लो साइन बोर्ड का उद्घाटन, डांग सिंद्रीगांड से ऐठाना व ग्लास हाउस रोड तक विद्युत स्तंभों का लोकार्पण किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नगर निगम के एक वर्ष पूर्ण होने पर मेयर, पार्षदों और नगर निगम परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीनगर नगर निगम का गठन लंबे संघर्षों के बाद संभव हुआ है और यह शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रीनगर में कूड़े के निस्तारण को लेकर लंबे समय से समस्या बनी हुई थी। इसे देखते हुए नया डंपिंग जोन चयनित किया गया, जिसके लिए लंबे संघर्षों के बाद सहमति बनी। उन्होंने बताया कि चयनित स्थल पर ट्रेचिंग ग्राउंड की शुरुआत हो चुकी है, जिससे नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नए पार्क के पीछे नदी का कटाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। इसे रोकने के लिए 16 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य कराया जाएगा। साथ ही कहा कि नगर पालिका के समय श्रीनगर का बजट सीमित था, लेकिन नगर निगम बनने के बाद बजट में बढ़ोतरी हुई है, जिससे शहर में बड़े विकास कार्य संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के नए कार्यालय के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर कार्य चल रहा है। जिसके बाद शीघ्र ही धनराशि भी रिलीज की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस वर्ष अभी तक 10 गरीब परिवारों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि पूरी विधानसभा में अब तक 2900 आवास बनाकर दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर बिजली की लाइनें घरों के ऊपर से गुजर रही हैं, ऐसे स्थानों की सूची पार्षद उपलब्ध कराएं, ताकि लाइन शिफ्टिंग और कनेक्शन सुधार का कार्य तेजी से कराया जा सके। मंत्री ने बताया कि अलकेश्वर घाट का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो रहा है और जल्द ही इसका भूमि पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर मेयर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *