नाबालिग को स्कूटी देना पड़ा भारी, वाहन सीज और 25 हजार का चालान

Spread the love

अल्मोड़ा। जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान नाबालिग को स्कूटी चलाने देना वाहन स्वामी को महंगा पड़ गया। पुलिस ने स्कूटी को सीज करते हुए 25 हजार रुपये का चालान किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में लापरवाह वाहन चालकों, रैश ड्राइविंग और नाबालिगों को वाहन देने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है। इसी क्रम में इंटरसेप्टर प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित पांडे की अगुवाई में यातायात पुलिस टीम ने सिकुड़ाबैंड, धारानौला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को तेज गति से स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल उसके अभिभावक को मौके पर बुलाया और काउंसलिंग कर सख्त हिदायत दी। इसके बाद स्कूटी को सीज कर वाहन स्वामी के खिलाफ 25 हजार रुपये का न्यायालयीन चालान किया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *