ऋषिकेश। शिवपुरी में शादी समारोह में गई एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों को इसका पता चला तो हड़कंप मच गया। उन्होंने आसपास तलाश की लेकिन किशोरी का पता नहीं लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने खोजबीन की, जिसमें किशोरी आयोजन स्थल के नजदीक ही एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली। पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग से एक नाबालिग समेत तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक यह घटना बीते छह मार्च की रात की है। शिवपुरी में एक 13 साल की नाबालिग परिजनों के साथ शादी में गई थी। वह अचानक लापता हो गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। खोजबीन में जुटी पुलिस ने महज डेढ़ घंटे के भीतर ही निर्माणाधीन बिल्डिंग से किशोरी को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना में परिजनों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने निर्माणाधीन बिल्डिंग से तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच-पड़ताल में पुलिस पता चला कि आरोपियों में एक 15 वर्षीय किशोर है, जबकि अन्य दो की पहचान साकिर और शावेज निवासी तेलीवाला रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। जांच अधिकारी पिंकी तोमर ने बताया कि किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि दो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। यहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है जबकि तीसरे आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।