अंतर विद्यालयी कबड्डी में एमकेवीएन और बलूनी पब्लिक स्कूल ने जीती ट्राफी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बलभद्रपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में चल रही बालिका वर्ग की दो दिवसीय अंतर विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता अंडर-19 में एमकेवीएन स्कूल और अंडर-14 में बलूनी पब्लिक स्कूल विजयी रहा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
शनिवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया एवं पर्यवेक्षिका सारिका रावत ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में नवयुग पब्लिक स्कूल ने हैप्पी होम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एमकेवीएन ने बलूनी पब्लिक स्कूल को हराकर फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबले में एमकेवीएन स्कूल ने नवयुग पब्लिक स्कूल को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। बेस्ट रेडर का अवार्ड नवयुग पब्लिक स्कूल की कंचन और बेस्ट डिफेंडर का अवार्ड एमकेवीएन की शिवानी ने अपने नाम किया। दूसरी ओर अंडर-14 वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में बलूनी पब्लिक स्कूल ने एमकेवीएन व दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एसजीआरआर ने डीएवी को हरा कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में बलूनी पब्लिक स्कूल ने एसजीआरआर को हराकर ट्रॉफी जीती। बेस्ट रेडर का अवार्ड बलूनी पब्लिक स्कूल की स्वर्णिमा, बेस्ट डिफेंडर का अवार्ड बलूनी पब्लिक स्कूल की टीना ने अपने नाम किया। प्रतियोगिता में नगर के 22 विद्यालयों की कबड्डी टीमों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने विजेता व उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *