चमोली : बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से विधायक लखपत बुटोला ने सरकार पर तंज करते हुए कहा कि जनता का बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधा न होने सड़कों की दुर्दशा से बुरा हाल है और सरकार कह रही है तीन साल बेमिसाल। विधायक लखपत बुटोला ने गांवों में पहुंच कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और समस्याओं के निदान की बात कही। उन्होंने पहाड़ के गौरव और आत्म सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने की बात कही। विधायक ने कहा सड़कों के अवरुद्ध होने पर सड़क खोलने के लिए कोई प्रबंधन और संसाधन सरकार ने नहीं दिये हैं। पोखरी विकास खंड के विभिन्न गांवों में जनता की चौपाल के बीच ठेठ गढ़वाली भाषा में बोलते हुए विधायक ने कहा जनता का बुरा हाल और सरकार का दावा कि तीन साल बेमिसाल हद हो गई। जमीनी हालत यह है कि युवा बेरोजगार हैं, सड़कों का हाल बुरा है। स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं। छोटी सी बीमारी होने, घायल होने पर मरीज अस्पताल पहुंचता है तो उसे हायर सेंटर रैफर किया जाता है। जिला चिकित्सालय भी रैफर सेंटर बन कर रह गये हैं। ऐसी हालत में सरकार किन उपलब्धियों के आधार पर बेमिसाल विकास का दावा कर रही है। मंगलवार को नैल, गुड़म, मसोली, डांडा, सलना, जौरासी सहित क्षेत्र के गांवों में पहुंच कर बदरीनाथ के विधायक लखपत बुटोला ने कहा सरकार अपनी पीठ खुद थपथपा रही है। जबकि जनता हर तरफ से परेशान है। (एजेंसी)