नई टिहरी : सरस्वती शिशु मंदिर प्रदर्शनी मैदान बौराड़ी के वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। वार्षिकोत्सव में विधायक किशोर उपाध्याय ने नई टिहरी नगर के विद्या भारतीय से संबद्ध सात विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, शौचालयों और मरम्मत के लिए विधायक निधि से 35 लाख रुपये देने की घोषणा की। विद्यालय के वार्षिकोत्सव का विधायक किशोर उपाध्याय, टीएचडीसी के अपर महाप्रबंधक दुर्गा प्रसाद पात्रो, रविंद्र सिंह राणा ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि विद्या भारतीय के स्कूल छात्रों को संस्कारवान शिक्षा देने के साथ ही चरित्र निर्माण का काम कर रहे हैं। विद्यालय व्यवस्थापक अनुसूया नौटियाल ने विधायक को स्कूल के कक्षा-कक्षों और शौचालय मरम्मत का मांग पत्र सौंपा। विद्यालय के कोषाध्यक्ष अब्बल सिंह श्रीकोटी ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट पढ़ी। विद्यालय के प्रधानाचार्य शीशराम कोठियाल ने विद्यालय की वर्तमान और भविष्य की गतिविधियों से अवगत कराया। मुख्य वक्ता राकेश बहुगुणा ने कहा कि समाज के सहयोग के बिना विद्यालयों का संचालन नहीं किया जाता है। कहा कि विद्यालय परिवार की हमेशा कोशिश रहती है, कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को भारतीय संस्कृति और जीवन के मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रदान की जाए। छात्र-छात्राओं ने शारीरिक योग, देश भक्ति, घर की शान बेटियां, ढोल बाजे, पांडव नृत्य, आयो रे शुभ दिन, तारे जमी पर, पापा मेरे पापा, गढ़वाली, पंजाबी, हिन्दी गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, ब्लॉक प्रशासक सुनीता देवी, भाजपा जिला महामंत्री उदय रावत, मातृ भारती अध्यक्ष चंखी देवी, सभासद सीमा नेगी, मानवेंद्र रावत, कमला चमोली, रागिनी भट्ट, विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल,अनिल नैथानी, सतीश थपलियाल, भाग सिंह रावत, सुनील बडोनी, भगवान चंद्र रमोला, नीलम रतूड़ी, संजीव भट्ट, सूर्यमणि भट्ट, महिमानंद सेमवाल आदि मौजूद थे। (एजेंसी)