विधायक मनोज तिवारी ने कोसी मटेला पम्प का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कोसी मटेला पम्प परिसर का औचक निरीक्षण किया और पेयजल आपूर्ति सहित विद्युत उपकरणों के रखरखाव की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता अशोक कुमार सोनी को पंपिग के दौरान कोसी नदी से भारी मात्रा में आ रही सिल्ट को हटाने के लिए नई वैज्ञानिक तकनीकी के उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जनता को पेयजल से वंचित नहीं रहना पड़े इसके लिए जो भी कारगार एवं बेहतर वैज्ञानिक तकनीकी हैं उसे हरहालात में लागू कराने के भरसक प्रयास किये जाएंगे, विधायक तिवारी ने विगत दिवस चमोली घटना से बड़ा सबक लेने की बात करते हुए अधिकारियों से मटेला पम्प में विद्युत उपकरणों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चमोली जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए अधिकारियों एवं कार्मिकों की रोटेशन के आधार पर तैनाती करने एवं उच्च गुणवत्ता के विद्युत उपकरणों को पंप में लगाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके पहले कार्यकाल में कोसी बैराज का निर्माण अल्मोड़ा की भारी पेयजल संकट को दूर करने में काफी कारगार रहा है। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता को मानसून के सीजन में चालीस लाख लीटर क्षमता के उनके समय में बनाये गये विक्टर मोहन जोशी जलाशय में हर समय पेयजल भण्डारण सुनिश्चित कराने के विशेष निर्देश दिये ताकि नगर की जनता को पेयजल आपूर्ति बाधित होने की दशा में जलाशय से पेयजल आपूर्ति की जा सके। यहाँ निरीक्षण के दौरान संस्थान के अधिशासी अभियन्ता ए के सोनी, सहायक अभियन्ता मंजुल मेहता, अवर अभियन्ता अर्जुन सिंह नेगी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *