श्रीनगर गढ़वाल : क्षेत्र में नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के उद्वेश्य से बुधवार को खेल विभाग पौड़ी ने मिनी मैराथन का आयोजन किया। मैराथन में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के 79 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। बुधवार को श्रीकोट स्टेडियम में बालक व बालिका वर्ग में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रभारी विकास शाह ने बताया कि खेल विभाग पौड़ी के तत्वाधान में श्रीकोट स्टेडियम से श्रीकोट चौकी और वापस स्टेडियम तक मैराथन आयोजित की गई। कहा कि बालिका वर्ग में प्रथम स्थान मोनिका गिरी, दूसरा स्नेहा नेगी व तीसरा स्थान अदिति कंडारी ने प्राप्त किया। बालक वर्ग में सौरभ भंडारी ने प्रथम, आयुष पंवार ने द्वितीय व समर्थ असवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कहा कि मैराथन में टॉप दस को पारितोषिक भी दिया गया। मौके पर सुधा कंडारी, मनमोहन लखेड़ा, कार्तिक बहुगुणा, वीरेंद्र बर्तवाल आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)