नैनीताल(। वीकेंड पर रविवार को नैनीताल में पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। सुबह से शाम तक करीब पांच-पांच हजार से अधिक पर्यटक शहर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर घूमते दिखे। वीकेंड में पर्यटकों की आमद बढ़ने से शहर में चहल-पहल बढ़ गई है। रविवार को नैनीताल समेत राजभवन, स्नोव्यू, केव गार्डन, हिमालय दर्शन, चिड़ियाघर, वाटर फॉल और हनुमानगढ़ी में पयर्टकों की भीड़ देखने को मिली। शहर की सड़कों पर भी जाम की स्थिति रही। माल रोड, बारापत्थर, भवाली रोड आदि में पर्यटकों के वाहनों की लंबी लाइन दिखी। बादलों के बीच खिली धूप में पर्यटक नौकायन का लुत्फ उठाते नजर आए। नाव चालक समिति के अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट ने कहा कि शनिवार सुबह से ही पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। कारोबार में भी वृद्धि हुई है। होटल एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि वीकेंड में पर्यटन कारोबार बेहतर रहा। रविवार को शहर में पांच हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे।