खतेणा में घर-घर जाकर पूछी मां चंडिका ने भक्तों की कुशलक्षेम

Spread the love

रुद्रप्रयाग। नौज्युला क्षेत्र की सिद्घपीठ मां नारी चंडिका की देवरा यात्रा ने खतेणा मे घर-घर जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान मां के निशान ने नृत्य कर भक्तों को अपना आशीर्वाद भी दिया। देवरा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्प एवं अक्षतों से जोरदार स्वागत हो रहा है। सोमवार को नारी देवी उत्तर दिशा मयकोटी से भ्रमण शुरू करेगी। बीते 17 नवम्बर से मां सिद्घपीठ नारी देवी की देवरा यात्रा शुरू हुई थी। मां नारी देवी की देवरा यात्रा ने पूरब दिशा के तल्लानागपुर एवं दशज्यूला क्षेत्र के लगभग 85 गांवों का भ्रमण पूरा कर लिया है। अब 15 जनवरी से देवरा यात्रा मयकोटी से उत्तर दिशा के भ्रमण पर निकलेगी। गत शनिवार को देवरा यात्रा विभिन्न गांवों का भ्रमण के बाद रात्रि प्रवास के लिए खतेणा गांव पहुंची थी। रविवार को पुजारी ने मां के भोगमूर्तियों की विशेष पूजा अर्चना कर भोग लगाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने मां के दर्शन कर अपने परिवार की सुख समृद्घि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद देवरा यात्रा ने खतेणा में घर घर जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान वाद्य यंत्रों एवं मां के जयकारों से क्षेत्र का पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रात्रि विश्राम के लिए मां की देवरा यात्रा नारी गांव पहुंची। सोमवार को मां की दिवारा यात्रा मयकोटी पहुंचेगी। देवरा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बुर्जुग, नौजवान एवं बच्चे आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं जबकि मां सभी भक्तों की कुशलक्षेम पूछते हुए खुशहाली का आशीष दे रही है। लगभग सात माह तक चलने वाले इस भ्रमण कार्यक्रम में मां नारी चारों दिशाओं के भ्रमण के बाद जून माह में अपने मूल मंदिर में लौटेगी। जहां पर क्षेत्र खुशाहाली एवं समृद्घि के लिए विशाल महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर नोजुला मंदिर समिति अध्यक्ष दिक्षराज रावत, समिति के संरक्षक सतेंद्र पाल सिंह बर्त्वाल, कोषाध्यक्ष प्रकाशवीर सिंह नेगी, गंभीर बिष्ट, जयत सिंह विष्ट, यशवंत रावत, राजमोहन सिंह, गजे सिंह, पं़ रमेश चन्द्र सेमवाल, गोविंद सिंह समेत बड़ी संख्या में भक्त मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *