विवाहिता की मौत के मामले में सास-ससुर गिरफ्तार, जेल भेजा

Spread the love

चमोली। ल्वाणी गांव की विवाहिता उर्मिला देवी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके सास-ससुर को गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायिक अभिरक्षा में उन्हें जेल भेज दिया गया। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। बीते 20 अक्तूबर को उर्मिला का शव गांव से करीब डेढ़ किमी दूर संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ से लटका मिला था। नंदानगर ब्लॉक के कनौल गांव की उर्मिला का विवाह करीब दो साल पहले ल्वाणी गांव के प्रेम सिंह के साथ हुआ था। उर्मिला का 11 माह का बेटा है जबकि उसका पति प्राइवेट नौकरी में है। 20 अक्तूबर को उर्मिला देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के पास पेड़ से लटका मिला था। 23 अक्तूबर को उर्मिला की माता सुपुली देवी ने थाना थराली में बेटी के सास-ससुर के खिलाफ तहरीर दी थी। उन्होंने कहा था कि विवाह के बाद से उर्मिला को उसके ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप लगाया कि घटना से पूर्व उर्मिला ने फोन पर ससुराल में उसके साथ मारपीट किए जाने की बात कही और इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों के माध्यम से उर्मिला की मृत्यु की सूचना मिली। तहरीर पर पुलिस ने दहेज की मांग करने व हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की विवेचना कर रहे पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी ससुर त्रिलोक सिंह व सास रामेश्वरी देवी को गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी देवेंद्र भारती ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *