चमोली()। मां नंदा की बड़ी जात इसी वर्ष 2026 में ही होगी। 5 सितंबर को नंदा अपने सिद्धपीठ कुरुड़ मंदिर से कैलाश के लिए विदा होंगी। मां नंदा ने अपने मुख्य अवतारी पुरुष पर अवतरित होकर इसी वर्ष कैलाश जाने की इच्छा जताई। इसके बाद गौड़ ब्राह्मणों ने बड़ी जात के आयोजन का दिनपट्टा तय किया। इसी के साथ मां नंदा की बड़ी जात की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। बड़ी जात यात्रा समिति ने बाकायदा मां नंदा की बड़ी जात का 21 दिन का यात्रा कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। वसंत पंचमी पर्व पर शुक्रवार को मां नंदा के सिद्धपीठ कुरुड़ मंदिर परिसर में नंदा की बड़ी जात का दिनपट्टा कार्यक्रम प्रस्तावित किया था। मां नंदा के मंदिर में सुबह आठ बजे विशेष पूजाएं हुईं। करीब तीन घंटे तक मंदिर में पूजा हुईं। इसके बाद दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर सुंग गांव के रमेश सिंह बिष्ट पुत्र भोपाल सिंह चौसिंग्या खाडू को लेकर मंदिर प्रांगण में पहुंचे। इसके बाद मंदिर के पुजारी व मुख्य अवतारी पुरुष मुंशीचंद गौड़ पर मां नंदा और कुंडबगड़ गांव के हिम्मत सिंह महर पर भूमियाल देवता अवतरित हुए। इसके बाद मां नंदा ने इसी साल कैलाश जाने की इच्छा जताई। इसके बाद अपराह्न 1 बजकर 40 मिनट पर कुरुड मंदिर समिति बधाण डोली के अध्यक्ष नरेश गौड़, बंड डोली के अध्यक्ष अशोक गौड़, नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल (सेनि) हरेंद्र सिंह रावत और कुरुड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला के साथ ही गौड़ ब्राह्मण, 14 सयानों और बधाण, दशोली व बंड क्षेत्र के हकहकूकधारी गांवों के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दिनपट्टा (यात्रा का संकल्प) कार्यक्रम में बड़ी जात आयोजन की तिथि घोषित कर दी। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख नंदानगर हीमा देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह बिष्ट, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी, व्यापार संघ अध्यक्ष नंदानगर नंदन सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
20 को होमकुंड में होगी बड़ी जात: 5 सितंबर से बड़ी जात कुरुड़ मंदिर से दशोली, बधाण और बंड क्षेत्र की मां नंदा की डोलियां कैलाश के लिए प्रस्थान करेंगी। 20 सितंबर को होमकुंड में नंदा की बड़ी जात होगी। बड़ी जात की तिथि तय होने के बाद विभिन्न गांवों से पहुंची महिला मंगल दल की महिलाओं ने मांगल गीत गाए। लोक गायक दर्शन फरस्वाण ने मां नंदा के साथ ही विभिन्न धार्मिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।